महात्मा गांधी की जयंती पर शहर भर में हुए कार्यक्रम
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आज यहां जीपीओ स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने गांधी जी के प्रिय भजनों का आनन्द भी लिया।
इस अवसर पर विधायी एवं न्याय मंत्री बृजेश पाठक,विधान परिषद सदस्य स्वतंत्र देव सिंह, लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया, मुख्य सचिव आरके तिवारी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

शास्त्री भवन में जयंती कार्यक्रम
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 श्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आज यहां शास्त्री भवन में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर विधायी एवं न्याय मंत्री बृजेश पाठक,खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, विधान परिषद सदस्य स्वतंत्र देव सिंह, मुख्य सचिव आरके तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।

विद्यांत में गांधी जयंती
लखनऊ। विद्यांत हिन्दू पीजी कॉलेज में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित की गई। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो धर्म कौर ने सन्देश में कहा कि महापुरुषों की जयंती हम लोगों को देश व समाज सेवा की प्रेरणा देती है। उनके विचारों को आचरण में उतारना चाहिए। इस अवसर पर विद्यांत डिग्री के अलावा इंटर व प्रायमरी के प्राचार्य व कर्मचारी उपस्थित रहे।

लालबाग में हुआ था गांधी जी का अभिनन्दन
लखनऊ। नगर निगम मुख्यालय के बाहर एक शिलापट्ट लगा है। प्रायः इस ओर लोगों का ध्यान नहीं जाता। महापौर संयुक्ता भाटिया ने इसकी ओर ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने इस शिलापट को आज पुनर्पाठ किया। कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि महात्मा गांधी जी ने 17 अक्टूबर 1925 को नगर महापालिका का अभिनंदन पत्र स्वीकार किया था। जिस त्रिलोकीनाथ हॉल में अब नगर निगम का सदन चलता है,वहां सार्वजनिक सभा में महात्मा गांधी ने भाषण दिया था। संयुक्ता भाटिया ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर शास्त्री नगर चौराहे पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
लखनऊ नगर निगम में गांधी जयंती
महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर महापौर संयुक्ता भाटिया और नगर आयुक्त अजय द्विवेदी,पार्षदों और अधिकारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण किया। लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय में ध्वजारोहण भी किया गया।







