लखनऊ । लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 80 सीटों में 73 सीटें और विधानसभा चुनाव में 403 में 325 सीटें जीतने वाली भारतीय जनता पार्टी नगर निगम, नगर पालिका परिषद चेयरमैन, नगर पंचायत चेयरमैन में कुल 652 सीटों में मात्र 184 जीती है, जो जीत का मात्र 27 प्रतिशत है जो पासिंग मार्क 33 प्रतिशत से भी कम है, फिर यह हो हल्ला क्यों? कांग्रेस विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि ईवीएम मशीन से हुए निर्वाचन में नगर निगम के कुल 16 पदों में भाजपा 14 जीती और 2 हारी है जबकि बैलेट पेपर से हुए निर्वाचन में अधिकांश सीटों पर भाजपा हारी है। श्री सिंह ने कहा कि चुनाव नतीजे खुद ब खुद बयां कर रहे हैं कि नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का जनाधार खिसका है और कांग्रेस का वोट प्रतिशत पहले की अपेक्षा काफी बढ़ा है। आम जनता में भाजपा अपनी लोकप्रियता खोती जा रही है। सच्चाई तो यह है कि जनहित के मुद्दों से आम जनता का ध्यान हटाने के लिए भाजपा हो हल्ला मचा रही है।
Keep Reading
Add A Comment






