लंबित केसीसी और एनपीए खातों पर सख्ती, 15 मई से विशेष अभियान
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए एक बार फिर बड़ा कदम उठा रही है। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने केसीसी और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा बैठक में संबंधित विभागों और बैंकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि हर पात्र किसान को इन योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए।
15 मई से विशेष अभियान, लाखों किसानों को जोड़ने की तैयारी
मंत्री शाही ने निर्देश दिया कि 15 मई से विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) से जोड़ा जाए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों के डेटा और फार्मर आईडी का उपयोग कर पात्र किसानों की आसानी से पहचान की जाएगी।
लंबित केसीसी और एनपीए खातों पर सख्ती
बैठक में पता चला कि प्रदेश में बड़ी संख्या में केसीसी खातों का नवीनीकरण लंबित है और कई खाते एनपीए की श्रेणी में चले गए हैं। मंत्री ने बैंकों को निर्देश दिए कि:
- किसानों को समय पर ऋण चुकाने के लिए प्रेरित किया जाए
- ब्याज में मिलने वाली राहत की जानकारी पहुंचाई जाए
- शाखा स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए जाएं
फसल बीमा में पारदर्शिता पर जोर
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा करते हुए सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि जिन किसानों का प्रीमियम काटा गया है, उनका बीमा कवर सुनिश्चित किया जाए। दावों का पारदर्शी रिकॉर्ड रखा जाए ताकि किसी भी अनियमितता की गुंजाइश न रहे।
कृषि निवेश बढ़ाओ, बैंकों को सकारात्मक भूमिका निभानी होगी
मंत्री ने एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (AIF) समेत अन्य योजनाओं की धीमी प्रगति पर चिंता जताई। उन्होंने बैंकों से कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा दिए जा रहे भारी अनुदान व ब्याज सब्सिडी का फायदा किसानों तक पहुंचे, इसके लिए अनावश्यक देरी न की जाए। कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाने के लिए बैंकों को सक्रिय और सकारात्मक रवैया अपनाना होगा।
योगी सरकार का संदेश : मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि योगी सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें हर तरह की आर्थिक सुरक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। विभागों, बैंकों और किसानों के बीच बेहतर समन्वय से ही योजनाओं को जमीनी स्तर पर सफल बनाया जा सकता है।






