चैंपियंस ट्रॉफी: श्रीजेश रहेंगे कप्तान, रूपिंदर, कोठाजीत और गुरिंदर बाहर
नई दिल्ली, 02 जून। हॉकी इंडिया ने 23 जून से होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पूर्व कप्तान सरदार सिंह और बीरेंद्र लाकड़ा और रमनदीप सिंह को एक बार फिर भारतीय हॉकी टीम में शामिल किया है। हॉकी इंडिया ने पीआर श्रीजेश की कप्तान में जा रहे 18 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। इसमें कई बदलाव हुए हैं। अनुभवी सरदार सिंह और डिफेंडर लाकड़ा हाल में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय टीम में शामिल नहीं थे। उन्हें बेंगलुरू में राष्ट्रीय शिविर में बुलाया गया था जिसके बाद अब दोनो की टीम में वापसी हुई है।
वहीं चयनकर्ताओं ने डिफेंडर रूपिंदर, कोठाजीत सिंह और गुरिंदर सिंह को बाहर किया है जबकि जर्मनप्रीत सिंह और सुरेंद्र कुमार को टीम में बनाये गया है। स्ट्राइकरों में ललित उपाध्याय और गुरजंत सिंह को टीम से हटा दिया गया है जबकि रमनदीप की वापसी हुई है। चयनकर्ताओं ने गोलकीपर सूरज करकेरा की जगह कृष्ण बहादुर पाठक को रखा है। श्रीजेश ने कहा कि टीम अच्छा प्रदर्शन करने को प्रतिबद्ध है। उनकी अगुवाई में भारत ने पिछली बार रजत पदक जीता था। भारत फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार गया था और यह 34 वर्षों में पहला अवसर था जबकि भारत पोडियम तक पहुंचा था। श्रीजेश ने कहा, ‘‘यह पहला अवसर था जबकि हम स्वर्ण पदक जीतने के करीब पहुंचे थे हालांकि हमें दूसरा ही स्थान मिला था परन्तु यह हमारे लिए यादगार टूर्नामेंट था।
वहीं मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि खिलाडिय़ों को एशियाई खेलों के लिये टीम में जगह पक्की करने के लिए अच्छा प्रदर्शन करना होगा। उन्होंने कहा, ‘‘यह जकार्ता में होने वाले एशियाई खेलों के मद्देनजर खिलाडिय़ों के लिए बेहद महत्वपूर्ण टूर्नामेंट है। एशियाई खेलों के लिए टीम का चयन राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों के प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।’’ भारतीय टीम चैंपियंस ट्रॉफी में अपने अभियान की शुरुआत 23 जून को परंपरागत प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ करेगी।
टीम इस प्रकार है-
गोलकीपर: पी आर श्रीजेश (कप्तान), कृष्ण बहादुर पाठक
रक्षापंक्ति: हरमनप्रीत सिंह, वरुण कुमार, सुरेंद्र कुमार, जर्मनप्रीत सिंह, बीरेंद्र लाकड़ा और अमित रोहिदास।
मध्यपंक्ति: मनप्रीत सिंह, चिंगलेन्साना सिंह कंगंजम (उप कप्तान) सरदार सिंह और विवेक सागर प्रसाद।
अग्रिम पंक्ति: सुनील सोवरपेट विटालचार्य, रमनदीप सिंह मनदीप सिंह, सुमित कुमार (जूनियर) आकाशदीप सिंह और दिलप्रीत सिंह।







