लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मिशन रोजगार के तहत शनिवार को राजकीय आईटीआई, अलीगंज में आयोजित रोजगार मेले में 73 युवाओं को नौकरी मिली। वहीं छह पॉलिटेक्निक संस्थानों के 95 अभ्यर्थियों को भी जॉब ऑफर दिया गया। प्रदेश भर के आईटीआई और पॉलिटेक्निक कॉलेजों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया है।
इसी क्रम में सरकारी आईटीआई से पास होने वाले छात्रों को तुरंत रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। इस मेले में कई नामचीन कंपनियो ने 73 युवाओं का चयन किया। इनको 19,000 रुपये से 30,000 रुपये तक के मासिक वेतन के साथ अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। वहीं राजकीय पॉलिटेक्निक में मारुति द्वारा आयोजित कैंपस ड्राइव में प्रदेश के छह पॉलिटेक्निक संस्थानों के 150 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया जिसमें 95 अभ्यर्थियों का चयन कर जॉब ऑफर दिया गया। ट्रेनिंग काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर एम. ए. खां ने बताया कि यह रोजगार मेला युवाओं को निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार दिलाने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हुआ है।







