रूस और अमेरिका के बीच तनाव चरम पर: दोनों देशों के बीच बढ़ती तल्खी वैश्विक शांति के लिए नया खतरा बन सकती है
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के साथ संभावित परमाणु संघर्ष को लेकर सनसनीखेज बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका इस तरह के युद्ध के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन साथ ही चेतावनी दी कि ऐसी स्थिति में कोई विजेता नहीं होगा। यह बयान ऐसे समय में आया है, जब रूस और अमेरिका के बीच तनाव चरम पर है। ट्रंप का यह बयान रूसी जलक्षेत्र के निकट अमेरिकी परमाणु पनडुब्बियों की तैनाती के आदेश के तुरंत बाद आया है, जिससे दोनों देशों के बीच पहले से तनावपूर्ण संबंध और गंभीर होने की आशंका है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच पर एक पोस्ट में कहा कि यह कदम रूस के पूर्व राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव के हालिया बयानों के जवाब में उठाया गया है। मेदवेदेव ने जवाब में कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि रूस अपने रास्ते पर अडिग रहेगा और हर चुनौती का सामना करने को तैयार है। उन्होंने चेतावनी दी कि ट्रंप को यह समझना चाहिए कि रूस न तो इज़राइल है और न ही ईरान, और हर नया अल्टीमेटम युद्ध की ओर एक खतरनाक कदम है।
व्हाइट हाउस ने साफ जवाब देने से बचते हुए कहा, “हमें हर मोड़ पर चौकन्ना रहना होगा। एक धमकी आई थी, जिसे हमने हल्के में नहीं लिया। मैं अपने देश की जनता के हित में यह फैसला ले रहा हूँ। परमाणु ताकत का मामला हो, तो हमें हमेशा सजग और तैयार रहना पड़ता है।” इस कदम और बयान ने दुनिया भर में हलचल मचा दी है, क्योंकि दोनों देशों के बीच बढ़ती तल्खी वैश्विक शांति के लिए नया खतरा बन सकती है।







