वीबीडी कानक्लेव में मलेरिया, फाइलेरिया और कालाज़ार को उन्मूलन पर गहन विचार-विमर्श
लखनऊ 01 अप्रैल 2023: प्रदेश सरकार एक अप्रैल से वेक्टर जनित रोगों के नियंत्रण के लिए वृहद् अभियान चलाने जा रही है। इस दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर मरीजों को चिन्हित कर ब्लॉक स्तर पर ही इलाज सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए ब्लॉक स्तर पर सर्विलांस टीम गठित कर दी गई है। यह कहना है निदेशक, वीबीडी डॉ एके सिंह का। डॉ सिंह शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित वीबीडी कानक्लेव को संबोधित कर रहे थे। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा विभाग का यह कानक्लेव पाथ और सेंटर फॉर हेल्थ रिसर्च एंड इनोवेशन (सीएचआरआई), गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट लिमितेस (जीसीपीएल) के सहयोग से आयोजित हुआ। कानक्लेव में मलेरिया, फाइलेरिया और कालाज़ार को तय समय में उन्मूलन करने के लिए अन्तर्विभागीय रणनीति पर गहन विचार-विमर्श हुआ। साथ ही भविष्य की योजना तैयार की गई।
निदेशक, संचारी रोग डॉ एके सिंह ने बताया कि भारत सरकार ने वर्ष 2025 तक फाइलेरिया और वर्ष 2023 के अंत तक कालाजार खत्म करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी को ध्यान में रखते हुए वित्तीय वर्ष 2022-23 में वेक्टर जनित रोगों की जांचें दोगुनी कर दी गई हैं। जबकि अभी तक प्रदेश में हर वर्ष अमूमन 40 लाख जांचें हुआ करती थीं। वहीं अगले वर्ष यानि वित्तीय वर्ष 2023-24 में हम यही जांचें 1.5 करोड़ करने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि डेंगू के जहां वर्ष 2021 में 29750 मामले सामने आए थे वहीं वर्ष 2022 में 19821 केस चिन्हित किए गए हैं।
डॉ. विकास सिंघल, संयुक्त निदेशक, वीबीडी ने बताया कि प्रदेश में एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलेगा। इस दौरान प्रदेशवासियों को वेक्टर जनित रोगों, जल जनित रोगों व लू आदि से बचाव व उपचार के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसी बीच 17 अप्रैल से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान भी संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम में चिकित्सा एवं स्वस्थ्य सेवा के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न वीभागों के राज्य स्तरीय अधिकारी, समस्त मंडलीय सर्विलांस अधिकारी एवं जिला सर्विलांस अधिकारी, समस्त जनस्वास्थ्य विशेषज्ञ, मंडलीय कीट विज्ञानी समेत आईहैट (यूपी टीएसयू), बिल एंड मिलेंडा गेट्स फाउंडेशन, विश्व स्वास्थ्य संगठन, यूनिसेफ, गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट लिमिटेड, पीसीआई, ग्लोबल हेल्थ स्ट्रेटेजीज, एफएचआई 360, चाई, झपाईगो, जेएचयू और सेंटर फॉर एड्वोकेसी एंड रिसर्च संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।