- फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी सुनवाई, मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित
आरोपी पर एनएसए, बाल आयोग ने रिपोर्ट मांगी, अलीगढ़ में मासूम की हत्या पांच पुलिसकर्मी निलंबित
लखनऊ, 08 जून 2019: यूपी के अलीगढ़ जिले में तीन साल की बच्ची की हत्या की झकझोर देने वाली वारदात में लापरवाही बरतने के आरोप में सम्बन्धित थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। इस बीच यहां प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि बच्ची का शव उसकी मौत के 72 घंटे बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले की एसआईटी जांच के आदेश दे दिये गये हैं।
- अलीगढ़ बार एसोसिएशन ने घोषणा कर दी है कि ट्विंकल के आरोपियों का कोई भी वकील केस नहीं लड़ेगा

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) आनंद कुमार ने बताया कि हम पूरी संवेदनशीलता से काम कर रहे हैं। फिलहाल जांच हमारी प्राथमिकता में है। साथ ही इसमें पॉक्सो अधिनियम का प्रयोग किया जाएगा। मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में भी भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं एक महिला इंस्पेक्टर सहित छह सदस्यीय विशेष जांच टीम (एसआईटी) बनायी गयी है।पुलिस सूत्रों के मुताबिक दो गिरफ्तार आरोपियों जाहिद एवं असलम ने जुर्म कबूला है और महज 10 हजार रुपये के लिए इस अपराध को अंजाम दिया गया है। यह रकम बच्ची के पिता ने उधार ली थी और वह उसे वापस नहीं कर पा रहे थे।







