लखनऊ, 4 अगस्त 2025: लखनऊ के बुद्धा इंटरनेशनल ऑडिटोरियम, गोमतीनगर में जज़्बा लाइव म्यूजिकल बैंड द्वारा आयोजित ‘ए ट्रिब्यूट टू किशोर कुमार’ कार्यक्रम ने दर्शकों का दिल जीत लिया। ‘द लीजेंड’ शृंखला के पहले आयोजन में ‘अरे दीवानों’, ‘आज रपट जाएं’, और ‘आपकी आंखों में कुछ’ जैसे किशोर कुमार के सदाबहार गीतों ने माहौल को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य लखनऊ की महान हस्तियों जैसे योगेश प्रवीण, बेगम अख्तर और बॉलीवुड के दिग्गज गायकों मोहम्मद रफी, लता मंगेशकर, आशा भोसले की कला को श्रद्धांजलि देना है।
विशेष अतिथियों में अभिनेता आकर्ष अलख, अभिनेत्री मोनिका साईं, कर्नल अजीत सिंह, लखनऊ मेट्रो के डायरेक्टर जीसी बहुगुणा, भातखंडे विश्वविद्यालय की नीरजा शुक्ला और एलसीडब्लूडब्लू की प्रतिनिधि शामिल रहीं। लखनऊ मेट्रो और एलसीडब्लूडब्लू के सहयोग से उभरते गायकों का ऑडिशन के माध्यम से चयन कर उन्हें मंच प्रदान किया गया। डॉ. विश्वास वर्मा, रविकर, मधुमिता, निधि निगम और स्मिता जैसे कलाकारों ने एकल और युगल प्रदर्शनों से समां बांधा।
नवीन कोहली ने रेडियो प्रस्तोता अमीन सयानी की शैली में प्रस्तुति देकर दर्शकों को बांधे रखा। फिल्म निर्माता मंजूर आलम ने आयोजन की सज्जा और निर्देशन में अपनी अनूठी छाप छोड़ी। कार्यक्रम के निर्माता डॉ. विश्वास वर्मा, जो एक प्रसिद्ध नेत्र सर्जन और बैडमिंटन-लॉन टेनिस चैंपियन हैं, ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा से आयोजन को यादगार बनाया। ‘द लीजेंड’ शृंखला का अगला कार्यक्रम ‘द रोमांटिक मेलोडिज ऑफ 90s’ नवंबर में होगा। इच्छुक कलाकार 9415016089 पर संपर्क कर सकते हैं।
रविंद्रालय में ‘एक शाम किशोर कुमार के नाम’
इसी बीच, रंग भारती द्वारा पिछले 18 वर्षों से आयोजित ‘एक शाम किशोर कुमार के नाम’ कार्यक्रम आज शाम 6:30 बजे रविंद्रालय में होगा। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक की उपस्थिति में नवोदित कलाकार किशोर कुमार के गीतों से उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। रंग भारती के अध्यक्ष श्याम कुमार ने यह जानकारी साझा की।







