ईरान-इज़राइल तनाव चरम पर, भारत ने नागरिकों को तुरंत ईरान छोड़ने की सलाह दी
तेहरान/जेरुसलम: ईरान और इज़राइल के बीच सैन्य टकराव एक बार फिर भड़क उठा है। ईरानी सरकारी टीवी ने उत्तरी इज़राइल पर दागी गई बैलिस्टिक मिसाइलों का फुटेज जारी किया। तीन चरणों में कुल 10 मिसाइलें छोड़ी गईं, जिन्हें इज़राइली एयर डिफेंस सिस्टम ने पूरी तरह रोक लिया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मीडिया से बातचीत में ईरान को साफ चेतावनी दी। उन्होंने कहा, “तुमने अपनी मिसाइलें दाग दी हैं। बस बहुत हो गया। अब वापस टेबल पर आओ और डील करो।” ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि बेरूत पर इज़राइल के हालिया हमले अमेरिका के साथ समन्वयित नहीं थे और उन्होंने कहा, “मैं इससे खुश नहीं हूँ।”
भारत ने जारी की एडवाइजरी
इधर मिडिल ईस्ट में तेज होते संघर्ष को देखते हुए भारतीय दूतावास ने ईरान में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों से तुरंत देश छोड़ने की अपील की है। दूतावास ने सुरक्षा कारणों से ईरान की यात्रा न करने की भी सख्त सलाह दी है।
बता दें कि वर्तमान में स्थिति अत्यधिक तनावपूर्ण बनी हुई है। दोनों पक्षों के बीच आगे की कार्रवाई पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं।







