नवरात्रि का दूसरा दिन धैर्य के महत्व और स्वाधिष्ठान चक्र का
अलका शुक्ला
चैत्र नवरात्रि का दूसरा दिन चेतना के उस विस्तार का पर्व है जहाँ ‘संकल्प’ अब ‘तप’ की अग्नि में तपकर कुंदन बनने की ओर अग्रसर होता है। प्रथम दिन की स्थिरता के बाद द्वितीय सोपान पर माँ ‘ब्रह्मचारिणी’ का आगमन होता है, जो केवल एक पौराणिक विग्रह नहीं बल्कि अनंत ज्ञान और कठिन अनुशासन की साक्षात प्रतिमूर्ति हैं। ‘ब्रह्म’ का अर्थ है तपस्या और ‘चारिणी’ का अर्थ है आचरण करने वाली; अर्थात वह शक्ति जो सत्य को प्राप्त करने के लिए स्वयं को कठोर साधना की भट्ठी में झोंक देती है। हिमालय की पुत्री ने भगवान शिव को प्राप्त करने के लिए जो हजारों वर्षों का निर्जल और निराहार तप किया, वही उनके इस स्वरूप की आधारशिला है। यह दिन हमें सिखाता है कि महान लक्ष्यों की प्राप्ति केवल इच्छाओं से नहीं, बल्कि अटूट धैर्य और निरंतर अभ्यास से ही संभव है।
आध्यात्मिक गहराई में झांकें तो माँ ब्रह्मचारिणी का सीधा संबंध हमारे शरीर के द्वितीय ऊर्जा केंद्र ‘स्वाधिष्ठान चक्र’ से है। मूलाधार में जो ऊर्जा संचित हुई थी, वह अब ऊपर की ओर प्रवाहित होकर सृजन और रस के केंद्र स्वाधिष्ठान तक पहुँचती है। योग शास्त्र के अनुसार, यह चक्र हमारे मनोवेगों और रचनात्मकता का अधिष्ठान है। ब्रह्मचारिणी की साधना इस केंद्र को संतुलित करती है, जिससे साधक के भीतर से काम, क्रोध और लोभ जैसे विकारों का शमन होता है और ऊर्जा ‘ओजस’ में परिवर्तित होने लगती है। माँ के दाहिने हाथ में जप की माला निरंतरता और एकाग्रता का प्रतीक है, तो बाएं हाथ का कमंडल ज्ञान के उस अमृत का सूचक है जिसे केवल वैराग्य और संयम के पात्र में ही संजोया जा सकता है। उनके श्वेत वस्त्र इस बात का उद्घोष हैं कि ज्ञान का मार्ग पूर्णतः सात्विक और निष्कलंक होना चाहिए।
इस स्वरूप के पीछे छिपा वैज्ञानिक और मनोवैज्ञानिक आधार आज के ‘इंस्टेंट’ युग में और भी प्रासंगिक हो जाता है। आधुनिक मनोविज्ञान जिसे ‘डिलेड ग्रैटिफिकेशन’ (विलंबित संतुष्टि या धैर्य का सुखद परिणाम) कहता है। भविष्य के बड़े लक्ष्य के लिए वर्तमान के छोटे आकर्षणों को त्यागने की क्षमता हमें नवरात्रि के दूसरे दिन माँ ब्रह्मचारिणी के महान तप से सीखने को मिलती है। वैज्ञानिक दृष्टि से देखें तो मंत्र जाप की प्रक्रिया हमारे मस्तिष्क की ‘न्यूरोप्लास्टिसिटी’ को प्रभावित करती है। जब हम एकाग्र होकर माला जपते हैं, तो प्री-फ्रंटल कॉर्टेक्स सक्रिय होता है, जिससे निर्णय लेने की क्षमता और मानसिक स्पष्टता बढ़ती है। शरीर विज्ञान के स्तर पर स्वाधिष्ठान चक्र का संबंध हमारे प्रजनन और उत्सर्जन तंत्र की ग्रंथियों से है। नवरात्रि के दूसरे दिन का संयमित खान-पान और प्राणायाम इन ग्रंथियों को फिट करता है, जिससे शरीर में स्फूर्ति और चेहरे पर तेज आता है।
दूसरे दिन के लिए ‘हरा’ या ‘श्वेत’ रंग प्रकृति और शांति का मेल है। हरा रंग जहाँ आंखों को शीतलता प्रदान कर तनाव कम करता है, वहीं श्वेत रंग मानसिक शांति का प्रतीक है जो ‘पैरासिम्पेथेटिक नर्वस सिस्टम’ को सक्रिय कर हृदय की गति और रक्तचाप को संतुलित रखने में सहायक होता है। यह दिन वास्तव में हमारे भीतर के ‘आलस्य’ और ‘भटकाव’ के विरुद्ध एक युद्ध है। माँ ब्रह्मचारिणी की आराधना का संदेश स्पष्ट है कि बिना संघर्ष के सिद्धि नहीं मिलती और बिना अनुशासन के ज्ञान स्थिर नहीं रहता। यह पर्व हमें यह विश्वास दिलाता है कि यदि हमारे विचार शुद्ध हैं और संकल्प में हिमालय जैसी दृढ़ता है, तो हम अपने भीतर की अनंत संभावनाओं को जागृत कर परम सत्य का साक्षात्कार कर सकते हैं। यह साधना का वह पड़ाव है जहाँ भक्त स्वयं को तपाकर उच्चतर चेतना के लिए तैयार करता है।






