पवित्र श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व है। इस दौरान शिव परिवार से हमें जीवन की अनमोल सीख मिलती है। शिव की गृहस्थी एक अनूठा उदाहरण है, जहां विरोधाभासी स्वभाव वाले प्राणी भी पूर्ण शांति और सौहार्द के साथ रहते हैं। माता पार्वती का वाहन शेर है, जबकि शिव का वाहन नंदी (वृषभ) है। शेर का भोजन वृषभ हो सकता है, लेकिन शिव परिवार में कोई वैर नहीं। कार्तिकेय का वाहन मोर है, और शिव के गले में सर्प लिपटा रहता है। मोर और सर्प की दुश्मनी जगजाहिर है, फिर भी वे यहां एक साथ रहते हैं। गणेश जी का वाहन चूहा है, जो सर्प का भोजन है, पर इस परिवार में सभी निर्वैर भाव से रहते हैं। यह परिवार हमें सिखाता है कि भले ही देश, काल, जन्म, विचार या उद्देश्य अलग हों, मनभेद के बिना एक-दूसरे की स्वतंत्र चेतना का सम्मान करें। यदि हम भी अपने घर में सबको आदर और प्रेम दें, तो हमारा घर भी शिवालय बन सकता है।
केदारेश्वर महादेव मंदिर: उत्तर और दक्षिण का अनुपम संगम
अब बात करते हैं भगवान शिव के अनगिनत मंदिरों में से एक अनूठे मंदिर ‘केदारेश्वर महादेव मंदिर’ की, जो महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में हरिश्चंद्रगढ़ किले के भीतर एक गुफा में स्थित है। इसे केदारेश्वर गुफा मंदिर भी कहा जाता है। यह मंदिर उत्तराखंड के प्रसिद्ध केदारनाथ मंदिर की याद दिलाता है, लेकिन इसमें दक्षिण भारतीय मंदिरों की वास्तुकला का भी अनोखा समावेश है। मंदिर परिसर में प्रवेश करते ही 10 फीट ऊंचे प्लेटफॉर्म पर स्थापित काले रंग की नंदी की भव्य प्रतिमा आकर्षण का केंद्र है। गर्भगृह में नेपाल से लाई गई विशाल शालिग्राम शिला स्थापित है, जो भक्तों की आस्था को और गहरा करती है। मंदिर का मुख्य भवन केदारनाथ मंदिर की शैली में बना है, जबकि परिसर की डिजाइन तमिलनाडु के तंजौर बृहदीश्वर मंदिर की प्रतिकृति से प्रेरित है।
केदारेश्वर महादेव शिव मंदिर का रहस्य
” महाराष्ट्र के एक मंदिर के केदारेश्वर महादेव शिव मंदिर में एक ऐसा रहस्य बताया जाता है जिसे रहस्य की चाबी कहा जाता है इसे केदारेश्वर महादेव गुफा मंदिर भी कहते हैं यहां एक ऐसा शिवलिंग है जो हमेशा बर्फीले पानी में डूबा रहता है इस शिवलिंग को चार खम्भों ने थामा था आज सिर्फ एक खम्भा बचा है कहते हैं जैसे ही यह चौथा खंभा गिरेगा प्रलय शुरू हो जाएगी कहा जाता है सदियों से इस खम्भे को कोई हिला नहीं सका क्या यह संयोग है या फिर एक अदृश्य शक्ति का सहयोग संकेत जिसने इस मंदिर को बचा रखा है। ”
वास्तुकला का अद्भुत संगम
केदारेश्वर मंदिर का निर्माण ‘कृष्ण पुरुष शिला’ नामक विशेष ग्रेनाइट पत्थर से किया गया है, जो केवल तमिलनाडु के कन्याकुमारी के पास मिलता है। यह पत्थर विश्व के सबसे मजबूत पत्थरों में से एक माना जाता है, जिसकी आयु कम से कम तीन लाख वर्ष अनुमानित है। मंदिर का गर्भगृह भवन (विमानम) दक्षिण भारतीय मंदिरों की तुलना में अधिक ऊंचा है, जो उत्तर और दक्षिण भारतीय संस्कृतियों का अनुपम मेल प्रस्तुत करता है। मंदिर का गर्भगृह भवन 74 फीट ऊंचा है और 10 फीट ऊंचे प्लेटफॉर्म पर स्थित होने के कारण जमीन से इसकी कुल ऊंचाई 84 फीट है। यह ऊंचाई केदारनाथ मंदिर (85 फीट) से केवल एक इंच कम रखी गई है, जो केदारनाथ के प्रति सम्मान का प्रतीक है। मंदिर के शिखर पर 12 फीट ऊंचा लकड़ी का ‘शिखरम’ बनाया गया है। गर्भगृह की छत और विमानम के बीच खोखला स्थान रखा गया है, जिसमें एक छोटा छेद (‘ब्रह्म रंध्र’) बनाया गया है। यह डिजाइन शंख, घंटी और डमरू की गूंज को पूरे परिसर में फैलाने में सक्षम है, जिससे मंदिर का आध्यात्मिक वातावरण और भी दिव्य हो जाता है।
केदारेश्वर महादेव मंदिर न केवल भगवान शिव की भक्ति का केंद्र है, बल्कि यह उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक है। श्रावण मास में इस मंदिर की यात्रा और शिव परिवार की सीख हमें यह संदेश देती है कि प्रेम, सम्मान और सौहार्द से हर विरोधाभास को शांति में बदला जा सकता है।







