लखनऊ, 06 अगस्त, 2020: राजधानी में कोविड -19 के कहर ने लोगों के जीवन को किस कदर प्रभावित किया है इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। बता दें कि आज राजधानी लखनऊ में माल ब्लाक में प्राथमिक विद्यालय माल ब्लॉक-2 की प्रधानाध्यापिका श्रीमती बीना विश्वकर्मा का करोना संक्रमण से असामयिक निधन हो गया जिससे शिक्षकों में भय एवं रोष दोनों व्याप्त हो गया है। बता दें कि लखनऊ जनपद में किसी शिक्षक की कोरोना से मृत्यु की यह पहली दुखद घटना है।
https://shagunnewsindia.com/medical-system-and-leave-provided-to-teachers-doing-duty-in-kovid-19-56742-2/
इस मामले में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के मंत्री वीरेंद्र सिंह ने एक प्रेस नोट जारी कर कहा कि हम सभी स्वर्गीय शिक्षिका को संगठन की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित करते है और पुनः जिला प्रशासन से मांग करते हैं कि शिक्षक की सुरक्षा के लिए निम्न बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करें-
- स्वर्गीय श्रीमती बीना विश्वकर्मा की कोरोना से मौत होने के कारण उनके आश्रित को शासन द्वारा निर्धारित 50 लाख का मुआवजा प्रदान किया जाए।
- शिक्षकों की ड्यूटी व स्कूल में रोस्टर व्यवस्था प्रभावी की जाए।
- शिक्षकों को उनकी बीमारी, आयु और रोग प्रतिरोधक क्षमता और आवागमन व्यवस्था को दृष्टिगत रखकर ही नियुक्त किया जाए।
- कोविड-19 से ग्रसित शिक्षकों को प्रथम श्रेणी के अस्पताल में चिकित्सा दी जाए।
- समस्त शिक्षकों को बीमा पालिसी से आच्छादित कराकर कार्य लिया जाये।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष श्री सुधांशु मोहन ने कहा कि संगठन को विश्वास है कि जिला प्रशासन शिक्षकों की कोविड-19 से जानमाल की रक्षा के लिए मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करेंगे, अन्यथा की स्थिति में शिक्षक संघ आंदोलित होने तथा कोविड-19 से संबंधित कार्यों का बहिष्कार करने के लिए बाध्य होंगे।







